
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल की जलाड़ी पंचायत में एक बंदर ने महिला और एक व्यक्ति को घायल कर दिया है। महिला के शोर मचाने पर बंदर ने महिला को छोड़ा। बंदरों के आतंक से क्षेत्र के लोग सहमे गए हैं। इसके चलते लोगों ने वन विभाग से बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जलाड़ी सौंखलयां गांव में बंदरों ने हमला करके एक व्यक्ति और महिला को घायल कर दिया है। उपप्रधान रमणीक परमार ने बताया कि वीरवार देर सायं बंदरों ने गांव के सुनील कुमार तथा दीपक कुमार की पत्नी पर उस समय अचानक हमला कर दिया जब वे गांव की ओर जा रहे थे। हालांकि इस दौरान उन्हें मामूली चोटें आई हैं लेकिन इस वारदात से क्षेत्र के लोग सहम गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर इतने खूंखार हो गए हैं कि किसी पर भी हमला कर दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पहले भी विभाग को समस्या के बारे में अवगत करवाया जा चुका है। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में संबंधित विभाग के प्रति रोष है। उधर, रेंज अधिकारी देसराज का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
