राजस्व का चूना लगाने पर नपे

सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर तहसील के अंतर्गत 22 लोगों से बकाया राजस्व की वसूली होगी। राजस्व विभाग ने लोगों को नोटिस जारी कर बकाया करीब तीन लाख रुपये की राशि जल्द जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। लोगों ने भूमि, मकान की खरीद-फरोख्त के दौरान संपत्ति की औसत वैल्यू कम दर्शाकर रजिस्ट्री के रूप में राजस्व का चूना लगाया था। विभाग अब बकाया राजस्व की वसूली कर रहा है। मामलों का आडिट के दौरान खुलासा हुआ। इससे स्पष्ट है कि कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर लोगों ने राजस्व विभाग को चूना लगाया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2009-10 के दौरान 16 मामलों में कम राजस्व का भुगतान करने का तथ्य सामने आया है। आडिट में 2 लाख 19 हजार रुपये की रिकवरी खड़ी की गई है। इसके पश्चात विभाग ने बकाया की वसूली के लिए संबंधित लोगों को नोटिस भेजे हैं। वित्तीय वर्ष 2011-12 के छह मामलों में कम राजस्व वसूली का खुलासा हुआ। इन मामलों में 88 हजार 25 रुपये राशि बकाया है। मामलों में नोटिस जारी करने की तैयारी चल रही है। सभी मामलों में संपत्ति की बाजार से कम औसत वैल्यू दर्शाई गई थी। राजस्व विभाग बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई कर रहा है।

आडिट के पश्चात तथ्य सामने आए जिसके आधार पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए। करीब डेढ़ लाख रुपये के राजस्व की वसूली कर ली गई है। शेष में भी कार्रवाई की जा रही है।
-राजीव ठाकुर, तहसीलदार, सुजानपुर

Related posts