
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल के जाहू में सीर खड्ड में एक ट्रैक्टर मालिक बंदूक लेकर अवैध खनन करने पहुंच गया। उसने ट्राली को पत्थरों से भर लिया लेकिन एसडीएम मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने ट्रैक्टर मालिक को बंदूक का लाइसेंस दिखाने को कहा तो वह लाइसेंस नहीं दिखा सका। वह सिर्फ एक पर्ची ही दिखा सका जो लाइसेंस के रिन्यूअल की थी। एसडीएम ने पुलिस को सूचित कर मामला सुपुर्द का दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर, बंदूक को कब्जे में ले लिया तथा मालिक को थाने तलब किया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दस बजे ट्रैक्टर मालिक खनन करने जाहू सीर खड्ड में पहुंचा था, बंदूक भी साथ ले आया था। ग्रामीणों ने अवैध खनन की जानकारी एसडीएम भोरंज को दी। एसडीएम ने खड्ड का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने एक ट्रैक्टर चालक को पत्थरों से भरी ट्राली और बंदूक के साथ पकड़ा। सूचना एसडीएम ने भोरंज पुलिस को दी। पुलिस ने बंदूक और ट्रैक्टर जब्त कर मालिक को थाने तलब किया। कागजात देखे जाने के पश्चात बंदूक वैध पाई गई, जो मालिक को लौटा दी गई।
ट्रैक्टर मालिक बंदूक का लाइसेंस नहीं दिखा सका था। सारा मामला पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-बलवान चंद, एसडीएम, भोरंज
ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर केस बनाया जा रहा है, जिसे न्यायालय में भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
