10 साल में भी अधूरी रही सड़क

होली (चंबा)। ग्राम पंचायत कुआंरसी को आज तक सड़क सुविधा नसीब नहीं हो पाई है। इसके कारण करीब तीन हजार स्थानीय लोगों का आने-जाने के लिए वाहनों की सुविधा नहीं मिल पा रही है। कुआंरसी पंचायत को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगभग दस साल पहले चोली से कुआंरसी तक सड़क का सर्वे हो चुका है। सर्वे के बाद सड़क का काम भी शुरू हो गया था और हिलंग गांव तक सड़क का निर्माण किया गया, लेकिन इसके बाद वन विभाग की भूमि आने के कारण सड़क का काम बंद हो गया और आज तक इस सड़क का काम शुरू नहीं हो पाया है। हैरानी की बात तो यह है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से फोरेस्ट कलीयरेंस के लिए आज तक अप्लाई नहीं किया है। इसके चलते ग्रामीणों को सड़क सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान रणजीत सिंह, गुज्जर, सोहण लाल, राजीव, उत्तम, जयकरण और प्रताप चंद ने बताया कि सड़क का निर्माण न होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की वस्तुएं पीठ पर लादकर घर पहुंचानी पड़ रही है। इसके साथ ही अगर उक्त सड़क का निर्माण होता है तो हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार व लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि चोली-कुआंरसी सड़क का जल्द निर्माण किया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रीतम चंद शर्मा ने बताया कि फोरेस्ट कलीयरेंस न मिलने के कारण काम लटका हुआ है।

Related posts