पूर्व सैनिकों को कल्याण कमेटियों में दी जाए जगह

कुल्लू। देश भर के पूर्व सैनिक मांगों को लेकर एक सितंबर को पटौदा, झझर हरियाणा में रैली निकालेंगे। इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट के सदस्य सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने बताया कि इस रैली में पूर्व आर्मी चीफ जरनल वीके सिंह और जरनल सुखवीर सिंह समेत देशभर के एक्स सर्विस मैन भाग लेंगे।
जरनल सुखवीर सिंह इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट के उपाध्यक्ष भी हैं। ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने बताया कि पूर्व सैनिक नेताओं और प्रशासन के रवैये से खुश नहीं हैं। यदि सब लोग देश में सुख शांति और सुरक्षा से रह रहे हैं तो इसका मुख्य कारण देश के सैनिक हैं। कठिन परिस्थितियों में देश के सैनिक सीमाओं पर तैनात रहकर लोगों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक मुख्य रूप से वन रैंक वन पेंशन की मांग लंबे समय से उठा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए बनाई जाने वाली कमेटियों में भी पूर्व सैनिकों को शामिल किया जाना चाहिए। 60 साल तक पूर्व सैनिकों को रोजगार की गारंटी दी जाए। आमर्ड फोर्स ट्रिब्यूनल को मिनिस्ट्री आफ लॉ के अधीन लाया जाए। इसके अलावा सैनिकों की विधवाओं को कम से कम दस हजार पेंशन देने की मांग भी उठाई है। इंडियन एक्स सर्विस मैन मूवमेंट के उपाध्यक्ष जनरल सुखवीर सिंह ने सभी राजनीति दलों को पत्र लिखकर अपनी मांगों से अवगत करवाया है। पूर्व सैनिक 2014 के लोकसभा चुनाव में उसी दल का साथ देंगे जो पूर्व सैनिकों की मांगों को अपने घोषणापत्र में शामिल करेगा।

Related posts