
काईस (कुल्लू)। सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों के खिलाफ आईपीएच विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आईपीएच महकमा ने भुंतर शहर के करीब 200 परिवारों को फाइनल नोटिस जारी किए हैं। इसमें जल्द कनेक्शन लेने की हिदायत दी है। साथ ही चेताया है कि अगर सीवरेज का कनेक्शन नहीं लिया गया तो उनके पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
उपभोक्ताओं को एक माह के भीतर नोटिस में दिए दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। आईपीएच भुंतर के सहायक अभियंता राकेश ठाकुर ने फाइनल नोटिस भेजे जाने की पुष्टि की है। भुंतर शहर को छह जोनों में बांटा गया है। 200 सीवरेज उपभोक्ताओं को एक माह के भीतर कनेक्शन लेने को कहा है। नोटिस में दी तिथि तक कनेक्शन नहीं लिए गए तो उनके पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। मनाली में 23 परिवारों को सीवरेज कनेक्शन न लेने पर पानी के कनेक्शन काटने के नोटिस भेजे हैं। मनाली में 1007 कनेक्शन लग चुके हैं। इसकी पुष्टि मनाली आईपीएच के सहायक अभियंता योगेश कपूर ने की है। हिमालयन पर्यावरण सोसाइटी के अध्यक्ष अभिषेक राय ने सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।
