नौ दिन बाद औट-लुहरी मार्ग बहाल

कुल्लू। औट-लुहरी राज्य मार्ग-11 यातायात के लिए नौ दिन बाद बहाल हो गया। मार्ग पर सभी एक दर्जन सरकारी और निजी बसें सरपट दौड़ पड़ी हैं। बसों की आवाजाही देखकर बाह्य सराज की 58 पंचायतों ने राहत की सांस ली है। लोक निर्माण विभाग आनी के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने मार्ग बहाल होने की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि मार्ग को खोलना विभाग की पहली प्राथमिकता थी। इसकी बहाली के लिए विभाग ने दो जेसीबी तथा तीस मजदूरों को माशनूनाला और कोटनाला में तैनात कर रखा था। अकेला ने कहा कि मार्ग के लंबे समय तक बंद रहने से कोटनाला में बार-बार पहाड़ी के धंसने और माशनूनाला में पानी के रिसाव से दिक्कत है।
विभाग ने कई बार मार्ग को खोलने का प्रयास भी किया लेकिन एन मौके पर मार्ग बंद होने से उनकी मेहनत पर पानी फिरता रहा। रोड के खुलने से आनी-निरमंड की 58 पंचायतों की सवा लाख आबादी के साथ-साथ छतरी, कुमारसेन, रामपुर और किन्नौर इलाके के लोगों को भी राहत मिली है। प्रधान उर्मिला ठाकुर, महेंद्र कायथ और बिहारी लाल ने लोनिवि आनी का आभार जताते हुए कहा कि मार्ग बहाल होनेे से अब लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में आसानी होगी। जलोड़ी दर्रा स्थित पुलिस बचाव दल के सदस्य बेली राम वर्मा ने कहा कि बुधवार को मार्ग पर बसों की आवाजाही शुरू हो गई है।

Related posts