
ऊना/संतोषगढ़/गगरेट/मैड़ी। भूकंप के झटकों से वीरवार को ऊना के लोग सहम उठे। दोपहर बाद 3.39 बजे आए इस भूकंप के तीव्र झटकों से लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके अलावा दफ्तरों को छोड़कर कर्मचारी बाहर की ओर भागे। वीरवार को दोपहर के समय भूकंप के एकाएक तीव्र झटके लोगों ने महसूस किए। ऊना शहर में सुरेश कुमार के टी स्टाल पर बैठे राजीव कुमार, अनिल कुमार व अवतार सिंह आदि ने कहा कि भूकंप के झटकों के चलते वे टी स्टाल से बाहर निकले। उन्होंने कहा कि टी स्टाल में टेबल पर रखे शीशे के आधा दर्जन कप फर्श पर गिर गए और टूट गए। संतोषगढ़ क्षेत्र के साथ-साथ जिला मुख्यालय के पालिका बाजार के दुकानदार एवं बैंक के कर्मचारी भी भूकंप के झटकों से सहमे हुए दिखे। भूकंप आने पर सभी लोग एक दूसरे को मोबाइल फोन के जरिए भूकंप की सूचना देते दिखे। गगरेट क्षेत्र भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। जैसे ही भूकंप आया, लोग अपने घरों, दुकानों व कार्यालयों से बाहर निकल आए। गगरेट नगर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी तथा बैंक में भारी संख्या में खडे़ उपभोक्ता भूकंप के झटके लगते ही बैंक से बाहर सड़क पर निकल आए। डर के मारे कई लोग झटकों के काफी देर बाद भी बाहर खुले में घूमते रहे। मैड़ी क्षेत्र में भी भूकंप के एक झटके से लोग सिहर उठे। मैड़ी में ऊंची इमारतों में बैठे लोग भी आनन फानन में नीचे उतर गए। लोग अपने मकानों-दुकानों आदि से तुरंत बाहर निकल आए।
