
लठियाणी (ऊना)। बुधवार को गोविंद सागर में नहाते वक्त डूबे आईटीआई युवक का शव 18 घंटे के बाद बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इसे क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। मृतक वीरेंद्र पुत्र रमेश निवासी गलोड़ जिला हमीरपुर का स्थायी निवासी था। वह बंगाणा में अपने रिश्तेदार के यहां रहता था। वीरेंद्र अपने एक दोस्त के साथ लठियाणी में गोविंद सागर के तट पर घूमने गया था। झील में तैरते वक्त वीरेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूब गया। शाम को स्थानीय लोगाें में किशन देव, राजेंद्र मेहर, रमेश चंद ने वीरेंद्र को देर रात तक तलाश की, लेकिन उसका शव नहीं मिला, लेकिन वीरवार को शव गोविंद सागर झील की सतह पर आ गया। मृतक वीरेंद्र के दो भाई और दो बहने हैं। वीरेंद्र को छोड़कर सबकी शादियां हो चुकी हैं। वीरेंद्र के पिता मुंबई में ट्रक ड्राइवर हैं। एसडीएम बंगाणा केएस चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उधर, बंगाणा के एसएचओ राम दास कौशल ने बताया कि पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है, जबकि मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है।
