
मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर उद्योग संघ के दूसरे गुट की कार्यकारिणी के गठन का ऐलान कर दिया गया है। सपाटिया गुट की ओर एक दफा फिर उद्यमी अनिल सपाटिया को आमराय से अध्यक्ष चुन लिया गया है। इसके साथ उनकी पूरी टीम के पदाधिकारियों के नामों का भी ऐलान कर दिया गया है। चुनाव प्रभारी एमएम सिंह ने आम राय से कार्यकारिणी के गठन होने की पुष्टि की है। बुधवार को जारी एक बयान में चुनाव अधिकारी एमएम सिंह ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष अनिल सपाटिया को आम राय से एक बार फिर अध्यक्ष चुना गया है। बलराम चंदेल को संरक्षक बनाया गया है। वीरेंद्र डोगरा एवं जोगिंदर सूद को उपाध्यक्ष, विजय लॉ महासचिव, अनिल शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा आशीष कौशल को सहसचिव के तौर पर मनोनीत हुए हैं। संघ के सदस्यों में अशोक शर्मा, रंजीत ऐरी, रामपाल शर्मा, दिलबाग सिंह, अनिल गुप्ता, विजय शर्मा व कुलभूषण के नाम शामिल हैं। इस मौके पर उद्यमी दीप शर्मा, बीडी शर्मा, धर्मपाल चौधरी, वरुण अग्रवाल तथा रामपाल आदि मौजूद रहे। इस बीच कार्यकारिणी के सदस्यों ने उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष अपनी मांगों के प्रति संजीदगी से गौर करने की दोबारा मांग उठाई है। इन उद्यमियों ने कहा कि उद्यमियों को लीज पर दिए गए पुराने प्लाट्स को फ्री होल्ड की श्रेणी में तबदील करें, वैट को समान रूप से लागू करें, 13.75 फीसदी वैट को कम करके पांच फीसदी तक करें तथा औद्योगिक क्षेत्र में रह रहे उद्यमियों को व्यवसायिक की जगह घरेलू विद्युत कनेक्शन दिए जाने चाहिए।
आईएडीए के पदाधिकारियों का भी हुआ मनोनयन
स्थानीय आईएडीए के लिए भी पदाधिकारियों का ऐलान कर दिया गया है। इनमें अनिल सपाटिया आईएडीए के अध्यक्ष होंगे और विजय लॉ, बलराम चंदेल तथा पंडित पीसी शर्मा सदस्य चुने गए हैं।
