पार्क की हालत पर व्यापार मंडल भड़का

पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल चौक पर स्थित पार्क की दुर्दशा को लेकर व्यापार मंडल तल्ख हो गया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्जुन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में भी यह मुद्दा जोरशोर से उठा। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों का कहना है कि करीब एक साल पहले इस पार्क को कटराईं पंचायत को हस्तांतरित किया था। इस दौरान पंचायत ने पार्क के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे लेकिन अब पार्क की हालत दिनप्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। यह पार्क वाहनों की पार्किंग बनकर रह गया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अर्जुन शर्मा ने कहा कि पतलीकूहल पार्क का विकास एवं रखरखाव कई सालों से हलाण-द्वितीय पंचायत करती आ रही। इतना ही नहीं हलाण पंचायत इस पार्क को विकसित करने पर लाखों रुपये की राशि भी खर्च कर चुकी है। लेकिन राजस्व विभाग के दस्तावेजों में इस पार्क का एक हिस्सा कटराईं पंचायत के दस्तावेजों में है। इसके चलते इसे कटराईं पंचायत के हवाले कर दिया गया। कहा कि पार्क के हस्तांतरण के साथ ही इसका बुरा दौर भी शुरू हो गया। एक साल से यह पार्क पार्किंग स्थल बन रह गया है। इसमें कोई विकास का कार्य नहीं हुआ है। बेतरतीब पार्किंग के चलते पार्क दलदल में बदल गया है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्जुन देव शर्मा ने कहा कि पार्क की दशा सुधारने को व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही डीसी से मिलेगा। अधिवेशन में व्यापारियों को सदस्यता प्रदान करना, फूड सेफ्टी एक्ट के तहत लाइसेंस बनाने, बाजार की सफाई, एसडीएम से अनुदान और व्यापारियों की समस्याओं पर चरचा की गई।

Related posts