इसी साल शुरू होगी आईटीआई

ऊना। जिले के हरोली हलके में नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का आगाज इसी सत्र से होगा। इसके लिए बीटन को फाइनल कर लिया गया है। इस संस्थान को चार ट्रेडों के साथ शुरू कर दिया गया है। इसके लिए दाखिला फार्म भरने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। दाखिला फार्म चार सितंबर तक भरे जा सकेंगे। मामले की पुष्टि करते हुए ऊना स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य सीआर डांगी ने बताया कि बीटन में आरंभ किए गए नए संस्थान में इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक रेफ्रिजरेशन एवं एअर कंडीशन और युवतियों के लिए सिलाई एवं कटाई के ट्रेड को आरंभ किया गया है। उन्हाेंने बताया कि संस्थान में दाखिला प्रक्रिया प्रदेश स्तर पर ही की जाएगी। इसके लिए आवेदन फार्म प्रदेश के किसी भी संस्थान से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदक चार सितंबर सायं पांच बजे तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्हाेंने बताया कि आवेदकों को नौ सितंबर को ऊना स्थित आईटीआई में दाखिला चयन समिति के समक्ष अपने सभी प्रकार के दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों ने पहले ही आवेदन कर रखे हैं, उन्हें दोबारा फार्म भरने की आवश्यकता नहीं है। सभी ट्रेडों की नियमित कक्षाएं 11 सितंबर से आरंभ कर दी जाएंगी।

Related posts