छह मरीजों को लगाई नई ड्रिप

मैहतपुर (ऊना)। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अप्पर देहलां गांव में फैली डायरिया की बीमारी पर अब पूरी तरह से काबू पाने का दावा किया है। पीएचसी देहलां में दौरा करने के बाद बीएमओ हरोली संजय मनकोटिया ने इस बात का दावा किया है कि अब डायरिया की बीमारी को पूरी तरह से काबू कर लिया गया है। इस बीमारी से पीड़ित कोई भी नया मामला सामने नहीं आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। मंगलवार को पीएचसी देहलां में हालात का जायजा लेने आए बीएमओ संजय मनकोटिया ने इस बीमारी से पीड़ित सभी मरीजों को नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की जांच का सुझाव देते हुए लोगों से कहा कि वे इस बीमारी से बेपरवाह होने की जल्दबाजी कतई न करें और पानी को उबाल कर पीने का प्रयास करें, जिससे वे पूरी तरह से स्वास्थ्य लाभ ले सकें। हालांकि पीएचसी देहलां के प्रभारी डा. सुरेश कुमार ने कहा कि पुराने मरीजों में ही से रूटीन में छह मरीजों को अंतिम ड्रिप लगाई गई। अधिकतर मरीजों की ड्रिप हटा ली गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को हालांकि डेढ़ दर्जन के करीब मरीजों की रूटीन चैकअप की गई, जो स्वस्थ पाए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मंगलवार को ही गांव के वार्ड संख्या एक, दो तीन और चार में डायरिया ने अपने पांव पसारे थे, जिससे दर्जनों मरीजों को उल्टियां तथा दस्त लगने की शिकायत होने के बाद सरकारी तथा निजी अस्पतालों में शरण लेनी पड़ी। तब से लेकर आज एक सप्ताह बीत जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने डायरिया पर पूरी तरह से काबू पाने का दावा किया है।

बीएमओ ने किया पीएचसी का दौरा
बीएमओ हरोली संजय मनकोटिया ने एक सप्ताह से फैली डायरिया की बीमारी पर हालात का जायजा लेने के लिए मंगलवार को पीएचसी देहलां का दोबारा दौरा किया और मरीजों के किए जा रहे उपचार के प्रति जानकारी हासिल की। उन्होंने चैकअप करवाने आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य चैकअप में कोताही न बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि जो लोग डायरिया से पीड़ित रहे, उन्हें खासतौर पर अपने खानपान पर सावधानी रखनी होगी।

Related posts