महिला ने निगला जहर, मौके पर तोड़ा दम

बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की टकोली पंचायत के गांव बरोटा में एक महिला ने जहर निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, मृतक के भाई ने उसके पति के चाचा-चाची और दादी के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज करवाते हुए उसकी बहन को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप जड़ा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और उसे परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि ससुराल पक्ष के आरोपी लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय सुषमा देवी पत्नी राजेश कुमार निवासी टकोली बरोटा ने सोमवार देर सायं कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके कारण सुषमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के भाई विजय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बहन के पति राजेश कुमार के चाचा, चाची एवं दादी उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। इनकी रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर सुषमा देवी ने जहरीला पदार्थ निगल कर मौत को गले लगा लिया। थाना प्रभरी रामदास कौशल ने बताया कि निर्मल कुमार, उमा देवी तथा फूलां देवी के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

Related posts