कोहला में सर्पदंश से छात्र की मौत

नादौन (हमीरपुर)। शहर से सटे कोहला में दसवीं कक्षा के छात्र की सर्पदंश से मौत हो गई। शनिवार देर रात बिस्तर पर छात्र को सांप ने डस लिया था। छात्र दो बहनों का अकेला भाई था। नितिन रात को बिस्तर पर सोया ही था कि करीब 11 बजे उसे जहरीले सांप ने डस लिया। सांप पास में सो रही दोनों बहनों के ऊपर से निकलकर नितिन के पास पहुंचा और उसे डस लिया। एक बहन को कुछ अहसास हुआ तो उसने लाइट जलाई। उसने देखा कि सांप भाई के पास बैठा था। उसके शोर मचाने पर नितिन ने आनन-फानन में सांप को झट से बिस्तर से नीचे फैंक दिया लेकिन सांप ने नितिन को पांव में डस लिया था। परिजन तुरंत निकटवर्ती गुग्गा मंदिर ले गए। तबीयत बिगड़ने लगी तो नादौन अस्पताल ले आए। नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। टांडा अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया।

Related posts