
भुंतर (कुल्लू)। जिला प्रशासन की ओर से सरकारी भूमि पर से कब्जा हटाने के निर्देशों के बाद भुंतर के दर्जनों भूमिहीनों में हड़कंप मच गया है। भुंतर में रविवार को भूमिहीन आवासहीन संघर्ष समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भुंतर सब्जी के साथ लगते इलाके में रह रहे सभी भूमिहीन लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर प्रशासन की ओर से जारी किए गए फरमान के बाद न्याय को लेकर आवाज उठाने की योजना बनाई गई। बैैठक कहा गया कि सभी समिति सदस्य करीब दो दशक से भी अधिक समय से यहां रह रहे हैं। अपने फायदे के लिए विद्युत बोर्ड ने उन्हें किस आधार पर बिजली का कनेक्शन दिया जबकि बिना जमीन के मीटर लग ही नहीं सकता। दो दशक से भी अधिक समय से क्षेत्र में रह रहे भूमिहीनों वेद प्रकाश, प्रेम लता, द्रोपदा देवी, रोशन लाल निक्का राम, वीर सिंह, गंगा राम, विनोद कुमार, बलबिंद्र, मस्त राम, पूजा, कमला, साईमन, कृष्णा देवी, मोहिनी देवी
रजनीश नरेश, छांगा राम आदि ने कहा कि प्रशासन के इस प्रकार के फरमान सही नहीं हैं। इन लोगों ने कहा कि जब तक सरकार उन्हें दो बिस्वा भूमि नहीं देती तक वे इस जमीन को नहीं छोड़ेंगे। इन लोगों ने कहा कि जल्द ही वे स्थानीय विधायक को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी आवाज उठाएंगे। सरकारी कब्जे को हटाने के फरमान को लेकर भुंतर के भूमिहीनों ने प्रशासन के खिलाफ संघर्ष का एलान कर दिया है।
