ऊना में खुलेंगे सीएसडी और इंडियन ऑयल डिपो

पंजावर/हरोली (ऊना)। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ईसपुर में 1.87 करोड़ रुपये की लागत से वानर नसबंदी केंद्र और पंजावर तथा कांगड़ में 30-30 लाख रुपये की लागत से तालाबों के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास किया। ईसपुर में ही उन्होंने 64वें वृत्त स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ भी किया। सभी कार्यक्रमों की अध्यक्षता उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की।
इस मौके पर वन मंत्री ने ऐलान किया कि 31 दिसंबर तक वानर नसबंदी केंद्र तैयार होगा। उन्होंने पंजावर में वन विभाग के विश्राम गृह के विस्तार के लिए धनराशि मुहैया करवाने और वहां एक वन वाटिका विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मिड हिमालय एवं स्वां एकीकृत जलागम प्रबंधन परियोजना पर 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जैव विविधता के लिए प्रदेश में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। वन मंत्री ने कहा कि दूसरे देशों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में वानिकी के नए प्रोजेक्ट लाए जाने की कवायद जारी है। खनन माफि या के खिलाफ वन विभाग द्वारा भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वन विभाग, उद्योग विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से अवैध खनन पर कार्रवाई करेंगे और वन क्षेत्र में अवैध खनन होने पर खनन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की तस्वीर बदली जाएगी। जिले में प्रदेश के पहले सीएसडी डिपो और इंडियन ऑयल डिपो के लिए जगह का चयन कर लिया गया है। सीएसडी डिपो खुलने से पूर्व सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। उन्होंने स्वां तथा अन्य खड्डों के चैनेलाइजेशन को कांग्रेस की ओर से सबसे बड़ा तोहफा बताया। ट्रिपल आईटी को लेकर भी केंद्र सरकार से पत्र प्रदेश सरकार को प्राप्त हो गया है। पंडोगा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के सारे कागजात तैयार कर लिए गए हैं।

Related posts