कांग्रेस की बैठक में कार्यकत्र्ताओं ने किया हंगामा

यमुनानगर (त्यागी /संजीव): जिला स्तरीय कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में शायद पहली बार प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना व हरियाणा की सह प्रभारी आशा कुमारी बतौर मुख्यातिथि पहुंची। बैठक शुरू होते ही पूर्व अनुमान के अनुसार हंगामा हुआ। इतना ही नहीं फूलचंद मुलाना विरोधी व शैलजा के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। मुलाना ने एकाएक माइक हाथ में लिया और कार्यकत्र्ताओं को समझाने लगे लेकिन कोई भी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। इसी दौरान परेशान प्रदेशाध्यक्ष ने एक टी.वी. चैनल के पत्रकार के कैमरे पर हाथ डाल दिया। फिर क्या था कार्यकत्र्ताओं के साथ-साथ मीडियाकर्मियों ने भी फूलचंद मुलाना के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।

देखते ही देखते माहौल इतना गर्म हो गया कि हाथापाई तक भी नौबत आ गई। इस हो-हल्ले में पूर्व विधायक अर्जुन सिंह के खिलाफ भी कार्यकत्र्ता व पदाधिकारी जमकर बरसे जिसके चलते पूर्व विधायक बोलते हुए मंच छोड़कर ही सभा से चले गए। पार्टी पदाधिकारी व विधायक राजपाल भूखड़ी, जिलाध्यक्ष अनिल गोयल, श्याम सुंदर बत्तरा, राकेश शर्मा काका, मनोज जयरामपुर, योगेश मेहंदीरत्ता, सचिन शर्मा, राज कुमार कांबोज आदि पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से बी.एस.पी. के विधायक व पूर्व विधायकों को जबरदस्त भाव दिए जा रहे हैं जबकि कांगे्रस कार्यकत्र्ताओं की जमकर उपेक्षा की जा रही है जिसे कांग्रेस कार्यकत्र्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। विधायक भूखड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री कुमारी शैलजा के पुतले फूंकने वालों के साथ फोटो खिचवाते हैं व जो उनकी खिलाफत करते हैं, उन्हें अपनी बगल में बिठाते हैं।

हंगामे के दौरान शैलजा गुट के पार्टी पदाधिकारियों ने फूलचंद मुलाना व हरियाणा की सह प्रभारी आशा कुमारी के समक्ष जिले की समस्याओं के साथ-साथ शहर की उपेक्षा की बात भी रखी। पार्टी की ओर से बोलने वाले हर वक्ता ने शहर की हो रही उपेक्षा का बखान किया। इस संबंध में फूलचंद मुलाना ने इसे परिवार का मुद्दा बताते हुए कहा कि यह पार्टी का आपसी मामला है और पार्टी इसे सुलझाने में सक्षम है।

Related posts