
शिमला। प्रदेश लोकसेवा आयोग अब आनलाइन फार्म भरवाने में अभ्यर्थियों की मदद करेगा। इसके लिए आयोग ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। शनिवार को आयोग के अध्यक्ष केएस तोमर ने यह नंबर 1800-180-8004 जारी किया। उन्होंने कहा कि आयोग के कार्यालय में सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक एक केंद्र कार्यरत रहेगा। यहां इच्छुक उम्मीदवारों के प्रश्नों के उत्तर अनुभवी कर्मियों की ओर से दिए जाएंगे। तोमर ने कहा कि टोल फ्री नंबर की यह सुविधा प्रदेश के उन सभी अभ्यर्थियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी, जिन्हें आनलाइन आवेदन पत्र भरने में असुविधा का करना पड़ता है।
वे फार्म भरते समय इस टोल फ्री नंबर से जानकारी ले सकते हैं। अध्यक्ष ने कहा कि प्रयोग में लाई जा रही आधुनिक तकनीक की जानकारी प्राप्त करने के लिए हाल ही में उन्होंने अजमेर स्थित राजस्थान लोकसेवा आयोग का दौरा किया। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास रहेगा कि परीक्षा के लिए पूर्ण रूप से आनलाइन प्रणाली अपनाई जाए, ताकि पेपर वर्क को शून्य किया जा सके।
वर्तमान में आयोग के पास हिमाचल प्रशासनिक सेवाएं, हिमाचल न्यायिक सेवा, कॉलेज कॉडर प्रवक्ता, नायब तहसीलदार तथा एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सकों सहित अन्य पदों के लिए लगभग 80 हजार आनलाइन आवेदन सालाना प्राप्त हो रहे हैं। इनमें 33 हजार आवेदन एचएएस के होते हैं। कई फार्म गलत भरे होने के कारण रिजेक्ट हो जाते हैं। टोल फ्री नंबर होने से ये गलतियां नहीं होंगी। इस दौरान आयोग के सचिव संदीप भटनागर, सदस्य डा. डीसी कटोच, जेपी सिंह, संयुक्त सचिव संजीव पठानिया आदि भी उपस्थित थे।
स्कूल-कॉलेजों में हो प्रतियोगी परीक्षाओं की ट्रेनिंग
केएस तोमर ने कहा कि आयोग ने सरकार से आग्रह किया है कि शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभागों को निर्देश दिए जाएं कि एनएसएस और एनसीसी की तर्ज पर एप्टीट्यूड परीक्षा के लिए कोचिंग शुरू की जाए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश में स्कूलों-कॉलेजों में विद्यार्थियों में इस बारे में कोई ट्रेनिंग नहीं दी जाती है। इस कारण छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में पिछड़ रहे हैं।
