
पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्रदेश स्वास्थ्य संयुक्त निदेशक ने दो सप्ताह में सीटी स्कैन कक्ष तैयार करने के निर्देश जारी किए थे। लेकिन एक माह बाद भी पांवटा अस्पताल का निर्माणाधीन कक्ष काम पूरा नहीं हो सका है। परिसर में नया बिजली ट्रांसफार्मर भी नहीं जोड़ा जा सका है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसके लिए राशि जमा करवा दी गई थी।
विगत माह 16 जुलाई को प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डा. कुलतार सिंह डोगरा ने पांवटा सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 100 बेड के अस्पताल भवन कार्य का निरीक्षण भी किया था। पीडब्ल्यूडी विभाग अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माणाधीन भवन में सीटी स्कैन कक्ष कार्य दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए थे। इससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाए लेकिन निर्माण कार्य में सुस्ती बरती जा रही है।
उधर, पांवटा सिविल अस्पताल प्रभारी डा. राकेश धीमान ने कहा कि अभी सीटी स्कैन कक्ष योजना कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस बारे में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता को सूचित कर दिया गया है। नया बिजली ट्रांसफार्मर लगाया जाना है। इसके लिए बिजली बोर्ड के पास करीब 6 लाख राशि जमा करवा दी गई है।
अंतिम चरण में सीटी स्कैन योजना कार्य : चंदेल
लोक निर्माण विभाग पांवटा के अधिशासी अभियंता आरएस चंदेल ने कहा कि इस योजना का कार्य अंतिम चरण में है। सीटी स्कैन कक्ष तैयार किया जा रहा है। ठेकेदार को कक्ष के दरवाजे और खिड़कियां लगाने समेत शेष कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा है।
शीघ्र लगेगा योजना का ट्रांस्फार्मर : धीमान
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता आरके धीमान ने कहा कि ट्रांसफार्मर शीघ्र लगा दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस योजना के लिए करीब 6 लाख राशि जमा करवा दी है। योजना का ट्रांस्फार्मर शीघ्र लगाने व्यवस्था की जा रही है।
