
ऊना। जिले में अवैध खनन का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक सप्ताह में छेडे़ गए अभियान में अभी तक दर्जनों मामले पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं, लेकिन अवैध कारोबारियों पर इसका कोई असर नहीं है। शुक्रवार रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संतोषगढ़, बाथड़ी, बसाल, धमांदरी व अन्य खड्डों के साथ स्वां नदी में छापेमारी की। इस मौके पर अवैध खनन के लगभग 13 मामलों को पकड़ा है। पुलिस ने अवैध खनन में प्रयोग किए जा रहे वाहनों के मौके पर ही चालान काट कर लगभग 88830 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए।
उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा का कहना है कि पुलिस नियमित रूप से चैकिंग कर अवैध खनन करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई अमल में ला रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात की गई कार्रवाई में 13 गाड़ियों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माने के रूप में 88830 रुपये वसूले गए।
