
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत भौंखर के दसमल गांव में वीरवार सुबह 11 बजे तीन घरों में आग लग गई। आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। घर में रखा सारा सामान भी अग्निकांड की भेंट चढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार योगेश कुमार, जुध्या देवी और विमला देवी के घर जलकर राख हो गए। योगेश कुमार व जुध्या देवी के घर आपस में सटे थे जबकि विमला का घर भी पास ही था। बताया जा रहा है कि योगेश कुमार खाना खा रहा था इसी दौरान शार्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इस दौरान घर में रखा सिलेंडर भी फट गया जिस कारण आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। योगेश कुमार तुरंत बाहर की तरफ भाग गया। आवाज सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए और आग को बुझाने में लग गए। आग इतनी भयंकर भी कि देखते ही देखते तीनों घर राख के ढेर में बदल गए। इस दौरान दमकल विभाग को भी सूचित किया गया।
तीनों परिवारों के घर में रखे कपड़े, अनाज और सामान जलकर राख हो गया है। प्रशासन की ओर से एसडीएम भोरंज बलवान चंद और तहसीलदार संजय कुमार ने अग्निकांड की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया है। प्रशासन की ओर से योगेश कुमार को 10 हजार की फौरी राहत और तिरपाल दिया गया है। जुध्या देवी को भी 10 हजार की आर्थिक मदद और विमला देवी को पांच हजार रुपए की फौरी राहत जारी की गई है। पंचायत प्रधान अनिता देवी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की।
अग्निकांड प्रभावित परिवारों को फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। हल्का पटवारी को नुकसान के आंकलन लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
-बलवान चंद, एसडीएम, भोरंज
दो परिवार हुए बेघर
अग्निकांड में दो परिवारों को नीले आसमान तले ला दिया है। योगेश कुमार और जुध्या देवी के मकान पूरी तरह जल कर राख हो गए हैं। अब इनके पास सिर ढकने के लिए जगह नहीं बची है। विमला देवी का पुराना मकान जला है जबकि वे नए मकान में रहते हैं।
