
पांगी (चंबा) मिंधर माता मंदिर कमेटी के पुजारी के खिलाफ हेराफेरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय थाना में तहसीलदार पांगी की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मिंधल माता मंदिर कमेटी की ओर से दो पुजारी बुद्धि सिंह व श्रीराम को मंदिर में तैनात किया गया था। पिछले कुछ दिनों से बुद्धि सिंह पुजारी ही मंदिर की देख रेख व सारा काम कर रहा था। 19 अगस्त को जब दूसरे पुजारी श्री राम को चार्ज देने के लिए कहा गया तो बुद्धि सिंह आनाकानी करने लगा। इसके बाद मंदिर कमेटी की ओर से दूसरे पुजारी को चार्ज दिलाया गया और सामान को चेक किया गया। चेकिंग के दौरान मंदिर से एक सोने का छत्तर, दो सोने की बाली व 68 हजार रुपये गायब पाए गए। एसपी जगत राम ने बताया कि बुद्धि सिंह पर गबन करने की नीयत से हेराफेरी का मामला पाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पुजारी के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर आगामी छानबीन की जा रही है।
