तैनानी नहीं तो तालाबंदी

तीसा (चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला अनयूंडा एक अध्यापक के हवाले है। इस स्कूल में स्टाफ की कमी चल रही है। इसके चलते स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब 105 बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। ऐसे में अब ग्रामीणों ने भी इस समस्या को लेकर कड़े तेवर अपना लिए हैं। उन्हाेंने एक महीने के भीतर स्कूल में अन्य अध्यापकों की तैनाती न करने पर पाठशाला में ताला जड़ देने की चेतावनी दी है। जानकारी के मुताबिक अनयूंडा स्कूल में पिछले एक साल से एक ही अध्यापक सेवाएं दे रहा है। स्कूल में तैनात अध्यापक का सारा समय कागजी कामों में बीत जाता है। ऐसे में बच्चों को पढ़ाने का समय ही नहीं मिलता। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेण सिंह, राम सिंह, चमन लाल, हेम राज, चैन सिंह और रूप लाल ने बताया कि स्कूल में अध्यापकों की कमी होने के कारण बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। संबंधित विभाग से कई बार स्कूल में रिक्त पड़े पद भरने के लिए गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने कहा कि अगर समस्या का हल जल्द न किया गया तो ग्रामीण मजबूरन आंदोलन पर उतर जाएंगे। कार्यवाहक बीपीओ मीना शर्मा ने बताया कि स्कूल में रिक्त चल रहे पदों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है।

Related posts