
पतलीकूहल (कुल्लू)। बड़ाग्रां विहाल के 15 मील में स्थित 114 बीघा भूमि को लेकर फिर सियासत गरमा उठी है। मनाली विकास मंच की वीरवार को हुई बैठक में यही मुद्दा छाया रहा। बैठक की अध्यक्षता धर्मवीर धामी ने की। इस भूमि के इस्तेमाल को लेकर बैठक में बाकायदा दो प्रस्ताव भी पारित किए गए।
पहले प्रस्ताव में 15 मील में करीब पंद्रह बीघा भूमि पर सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर खोलने की मांग की गई है। इसके साथ ही पंचकर्मा सेंटर खोलने पर भी जोर दिया गया। दूसरे प्रस्ताव में इसी भूभाग के बीस बीघा हिस्से पर स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने का आग्रह किया है। वहीं पर्यटन नगरी मनाली के आसपास के अनछुए पर्यटक स्थलों तक सैलानियों की पहुंच बनाने के लिए हलाण एक से चंद्रखणी जोत तक रोपवे बनाने की मांग की गई। इस बैठक चंद्रसेन ठाकुर, उपाध्यक्ष रूल्दाराम, कला बौद्ध, छिमे डोलमा, मानचंद ठाकुर, महामंत्री अजीत, शेर सिंह, हरूराम, अर्जुन शर्मा, आत्माराम और अमरनाथ समेत कई कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
