
ऊना। जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मलाहत के खेतों में एक अज्ञात युवक को मौत के घाट उतार कर लाश को खेतों में फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस प्रकार खेतों में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि युवक को पत्थरों से वार कर मौत के घाट उतारा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर सांय मलाहत गांव के लोग अपने खेतों में घास काटने के लिए गए तो उन्होंने खेत में पड़े एक व्यक्ति को देखकर इसकी सूचना तुरंत पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना सदर पुलिस थाना को दी। ऊना थाना के प्रभारी केएल बैरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन आरंभ कर दी। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत व्यक्ति करीब तीन दिनों से खेतों में मरा पड़ा है। लाश के पास एक बड़ा पत्थर पड़ा था जो कि खून से लथपथ था और मृतक व्यक्ति के कपड़े भी खून से सने हुए थे। मृतक ने नीली जीन एवं लाइट पिंक रंग की शर्ट पहन रखी थी और उसके पास से एक तौलिया भी बरामद हुआ है। मृतक का मुंह पत्थरों से कुचल दिया गया था जिससे उसकी पहचान न हो सके। आशंका जताई जा रही है कि मृत व्यक्ति पड़ोसी राज्य पंजाब का रहने वाला है।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि मलाहत गांव में एक अज्ञात शव बरामद हुआ है, जिसे ऊना के शव गृह में शिनाख्त के लिए रखा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
