ड्यूटी पर कामगार का हाथ कटा

टाहलीवाल (ऊना)। जिला के औद्योगिक क्षेत्र बाथू-बाथड़ी के अंतर्गत पड़ती एक औद्योगिक इकाई में शुक्रवार को पेश आए हादसे में एक कामगार का दाहिना हाथ चलती हुई मशीन की चपेट में आ जाने के कारण बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटना में घायल कामगार को उपचार के लिए तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया लेकिन उसकी बिगड़ती हालत के कारण उसे वहीं चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जहां चिकित्सकों को उसका हाथ काटना पड़ गया है। वहीं पुलिस ने भी मामले के संदर्भ में सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाथू के एक उद्योग में काम करने वाले युवक प्रमोद कुमार निवासी भंगला तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब का दाहिना बाजू उस समय एक मशीन की चपेट में आ गया। मशीन की चपेट में आने के कारण उसकी बाजू बुरी तरह कट गई, जबकि मशीन सहित आसपास का क्षेत्र भी खून से सन गया। हादसे के समय उद्योग में मौजूद अन्य कामगारों ने मशीन को बंद कर बेहद मुश्किल से प्रमोद की जान बचाई। हादसे के फौरन बाद उद्योग प्रबंधक उसे नजदीक के चिकित्सा केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत पीजीआई ले जाने का सुझाव दिया लेकिन पीजीआई में भी प्रमोद के हाथ को बचाया नहीं जा सका है।
कंपनी केप्लांट हैड सौरभ कुमार ने बताया है कि प्रबंधन की ओर से घायल को हर उचित मदद दी जा रही है, उसका उपचार भी करवाया जा रहा है। उधर, एसएचओ हरोली महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम कामगार के बयान दर्ज करने चंडीगढ़ रवाना हो गई है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं किया जा सका था।
—–
अवैध खनन पर किया 15 हजार जुर्माना
हरोली (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन करने पर 15 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। थाना हरोली के प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने बाथड़ी क्षेत्र में गश्त के दौरान शुक्रवार को यह जुर्माना वसूला है। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध खनन पर आगे भी हरोली पुलिस का अभियान जारी रहेगा। अवैध खनन को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कोई चाहे कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति हो कानून से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी को भी इलाके में अवैध खनन की छूट नहीं दी जाएगी। हरोली पुलिस ने खनन के खिलाफ विशेष तौर मुहिम छेड़ रखी है

Related posts