बारिश में चिकनी नदी से नहीं जाएंगे वाहन

नालागढ़ (सोलन)। एक सप्ताह के भीतर दो बड़े हादसे टलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने बारिश के समय चिकनी नदी में वाहन गुजारने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश एसडीएम नालागढ़ ने पारित किए हैं। साथ ही आगाह किया है कि सरकारी वाहन के नदी से गुजरने पर अफसर इसके जवाबदेह होंगे। एसडीएम डा. युनूस ने इन आदेशों की पुष्टि की है।
नालागढ़ स्वारघाट हाईवे पर 2007 में चिकनी नदी का पुल बह गया था। वाया दभोटा मार्ग के अतिरिक्त सफर से बचने के लिए कई चालक बारिश के दौरान भी वाहन चिकनी नदी से गुजारते हैं। इससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ती है।
सिटीजन एक्शन ग्रुप के चेयरमैन एडवोकेट रविंद्र सिंह ठाकुर, टैक्सी यूनियन के प्रधान बग्गा सिंह, रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष पिंकी राणा सहित विक्रमजीत सिंह, रविंद्र सिंह, गोपाल सिंह, नरेंद्र कुमार, राजीव, विकास आदि ने भी प्रशासन से मांग की थी कि बरसात व बारिश के दिनों में निजी, सरकारी सहित स्कूली बसों को इस मार्ग से जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाना चाहिए ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।

14 अगस्त को तेज बारिश के दौरान चिकनी नदी से गुजरते वक्त स्कूल बस फंस गई थी। करीब 30 बच्चे बस में मौजूद थे। पुलिस और दमकल विभाग की मदद से बच्चों को सुरक्षित निकाला गया था।

20 अगस्त को नदी में फंसी परिवहन निगम नालागढ़ की बस में करीब 80 लोग सवार बचाए गए। रस्से डालकर बस में से सवारियों को निकालना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी सुरक्षित बाहर निकाले।

Related posts