वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य काबू

चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल की टीम ने पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में वाहन चोरी और लूट को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को बापूधाम में नाका लगाकर गिरफ्तार किया। गिरोह के सदस्यों की पहचान मौली जागरां निवासी संजय कुमार और कजहेड़ी निवासी सतपाल के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से चोरी के दस वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक मारुति कार, आठ बाइक और एक एक्टिवा शामिल है। पुलिस ने चंडीगढ़ से वाहन चोरी के तीन, जीरकपुर का एक, पंचकूला के दो और एक मामला परवाणु का हल किया है।
पूछताछ में पता चला कि गिरोह के सदस्यों ने एक बाइक 2008 में मुंबई से चोरी कर रखी थी, बांद्रा पुलिस स्टेशन में इसका मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी संजय और सतपाल को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
डीएसपी ऑपरेशन जगबीर सिंह ने बताया कि उन्हें अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्यों के चोरी की गाड़ी में घूमने की सूचना मिली थी। ऑपरेशन सेल की टीम ने बापूधाम में नाका लगाया। नाके के दौरान टीम ने मारुति कार में सवार दो युवकों को रोककर गाड़ी के कागजात मांगने लगे। दोनों युवक गाड़ी के कागजात दिखाने में बहाना बनाने लगे तो पुलिस को शक हुआ। इतने में पुलिस जवान ने कहा कि यह गाड़ी तो सेक्टर-26 से सोमवार को चोरी हुई थी। पुलिस ने उस समय संजय और सतपाल को दबोच लिया।

दामी गिरोह का सदस्य है संजय
पकड़ा गया आरोपी संजय मौली जागरां के दामी ग्रुप का सदस्य है। दामी ग्रुप के सदस्यों पर पंचकूला और चंडीगढ़ में लूट, डकैती, वाहन चोरी और स्नेचिंग के कई मामले दर्ज है। ऑपरेशन सेल की टीम संजय की निशानदेही पर गिरोह के फरार सदस्याें की पहचान करने में लगी है।

Related posts