
पतलीकूहल (कुल्लू)। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी मनाली को शेष भारत से जोड़ने वाले नेशनल हाइवे नंबर 21 की हालत विभाग की अनदेखी के चलते बदतर हो गई है। खासकर रायसन और कैंपिंग साइट के बीच का एक किलोमीटर का पैच अब बेहद खस्ता हालत में है। इस सड़क को पक्का करने के नाम पर पिछले दिनों यहां मिट्टी फेंकी थी। बारिश के चलते यह दलदल का रूप धारण कर चुकी है। इससे वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है। इससे हादसे का भी अंदेशा बना हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि बाहरी राज्यों से मंहगी एसयूवी गाड़ियाें में आने वाले सैलानी सड़क की खस्ताहाल देख दोबारा यहां आने से तौबा करने लगे हैं। स्थानीय निवासी प्रेमलाल, गांथूराम, सोहन, दीपक, पवन, सोनू, मोहन, मीना, साहिल, पंछीराम, नरेंद्र और प्रीतम ने सड़क की जल्द रिपेयर करवाने की मांग की है।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम का कहना है कि पर्यटकों की आमद बढ़ाने को कनेक्टिविटी का सुधरना जरूरी है। उन्होंने कहा है कि वे इस सिलसिले में सीएम से मिले हैं। नेशनल हाइवे के पंडोह में तैनात अधिशासी अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि बारिश ने सड़कों की हालत खराब कर दी है। जल्द ही सड़कों की स्थिति सुधारी जाएगी।
