सड़क हादसों में तीन की मौत, दो घायल

ऊना। जिले में सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
गांव जलग्रां में कार एवं मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि बाइक पर अन्य सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मलकीयत निवासी गांव कनहोर कलां जिला संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई, जबकि अन्य घायल युवक का इलाज चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।
वीरवार सुबह 26 वर्षीय मलकीयत सिंह पुत्र पिंदर सिंह निवासी कनहोर कलां एवं गुरमीत सिंह निवासी गांव धूरी जिला संगरूर (पंजाब ) अपनी मोटरसाइकिल नंबर पीबी 13के-7250 पर सवार होकर चिंतपूर्णी में माथा टेकने जा रहे थे कि जलग्रां के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मलकीयत सिंह को मृतक घोषित कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है, जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है। उधर, अंब-नादौन मार्ग पर दोसड़का के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी भी जख्मी हुई है। मृतक पठानकोट का निवासी बताया जा रहा है। वह बीबीएमबी सुंदरनगर में कार्यरत था। सुंदरनगर से पठानकोट जाते समय वीरवार सुबह करीब साढ़े सात बजे यह हादसा पेश आया। पुलिस के अनुसार हरदीप सिंह पुत्र मैगा सिंह निवासी पठानकोट बीबीएमबी सुंदरनगर में कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी के साथ कार में पठानकोट जा रहे थे। इस दौरान दोसड़का के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। कुछ देर लुढ़कने के बाद कार एक तालाब में जा गिरी। हरदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लोगों ने हरदीप तथा उनकी पत्नी को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने हरदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी सुषमा को चोटें आई हैं। सुषमा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अंब थाने के ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार चालक की मौत हो गई।
इसी प्रकार ऊना के अप्पर रैंसरी गांव में सुबह के समय एक महिला चलती ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि हादसे में मारी गई महिला ऊना के आसपास के इलाकों में भीख मांगती थी। बुधवार सुबह अप्पर रैंसरी गांव के पास एक महिला ट्रेन के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के शव को स्थानीय लोगों ने देखा। इसके तुरंत बाद रेलवे पुलिस को सूचित किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक महिला गांव में ही पिछले एक सप्ताह से गांव में भीख मांग कर गुजारा कर रही थी। उधर, रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज श्याम प्रसाद ने बताया कि मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related posts