
अंब/बंगाणा/ऊना। जिले में दो युवकों ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। एक घटना अंब उपमंडल के बाथू टिपरी तथा दूसरी बंगाणा के टीहरा में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन कुमार पुत्र रामजी दास निवासी बाथु टिपरी ने बुधवार देर शाम जहरीली दवा निगल ली, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। नाजुक हालत के चलते उसके परिजन उसे खंड चिकित्सालय अंब ले आए, जहां डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सकों ने युवक को पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान सचिन की मौत हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि युवक की मौत उपचार के दौरान पीजीआई में हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, उपमंडल बंगाणा की टीहरा पंचायत के एक व्यक्ति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे पीजीआई में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने व्यक्ति द्वारा जहर निगलने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार को टांडा निवासी सुरजीत ने गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। चिकित्सकों ने पीड़ित व्यक्ति की हालत गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि टांडा निवासी सुरजीत की पीजीआई में मौत होने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
