
कुल्लू/रामपुर बुशहर। निरमंड में सातवीं कक्षा की एक छात्रा से उसी स्कूल के शिक्षक पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। छात्रा के परिजनों की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है जबकि आरोपी शिक्षक फरार है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि उक्त शिक्षक के खिलाफ पहले भी इस तरह के आरोप लगे हैं। इधर, ग्रामीणें ने वीरवार को स्कूल में पहुंच कर जमकर हंगामा किया। लेकिन, शिक्षक स्कूल में नहीं था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा के पिता ने बताया कि 19 अगस्त को उनकी बेटी ने स्कूल जाने से मना कर दिया। इसके बाद उसने परिजनों को बताया कि स्कूल में शिक्षक उनके साथ अश्लील हरकतें करता है। इसके चलते वह स्कूल नहीं जाना चाहती है। इसके बाद छात्रा के परिजनों से निरमंड थाना में इस बारे में शिकायत दर्ज करवाई। वहीं, वीरवार को गांव के लोग स्कूल भी पहुंचे। लेकिन वहां पाया गया कि उक्त शिक्षक अवकाश पर है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू डॉ. विनोद कुमार धवन ने बताया कि पुलिस ने छात्रा के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि उक्त मामले की छानबीन निरमंड थाना के प्रभारी गंभीर चंद कर रहे हैं।
