बिल्डर के खिलाफ उपायुक्त को सौंपी शिकायत

सोलन। सोलन शहर के वार्ड नंबर छह में रास्ते के विवाद को लेकर स्थानीय लोगों ने उपायुक्त सोलन को एक शिकायत पत्र सौंपा। लोगों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ओपी साहनी एवं उसके पुत्र अमित साहनी ने अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह वार्ड नंबर 06 में पिछले करीब 80 वर्षों से रह रहे हैं।
29 जुलाई को बिल्डर ओपी साहनी एवं उसके पुत्र अमित साहनी ने नगर परिषद की ओर से बनाए गए रास्ते को तोड़ दिया। इस बारे में पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन को भी सूचना दी गई मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कोटलानाला पुलिस स्टेशन में बिल्डर के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है। बिल्डर मौजूदा समय में भी वहां पर लगातार काम कर रहा है।
प्रशासन उस पर कोई कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया है कि बिल्डर लगातार उन्हें परेशान कर रहा है तथा यदि उन्होंने रास्ते पर चलना शुरू किया तो वह उन्हें या उनके परिवारजनों का अपहरण या मार सकता है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि वह जल्द ही बिल्डर एवं उसके लड़के पर कार्रवाई करें ताकि इन्हें और इनके परिवार को सुरक्षा मिल सके। साथ ही मार्ग को दोबारा शुरू करने की मांग रखी। शिकायत सौंपने में वार्ड के मदन लाल शर्मा, जगदीश शर्मा, उजागर सिंह चंदेल, आशा शर्मा, सुमित शर्मा, अश्विनी कुमार, सोनिया, रवि भुटानी, विवेक दत्ता, लवली सुरी किरण, विनोद कोहली, बलराज कोहली, सुशांत कोहली, बॉबी सेठ, काकू, इसपीत, रानी समेत कई लोग मौजूद रहे।
उधर उपायुक्त सोलन ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। नियमानुसार कार्रवाई होगी। एसपी सोलन डा. रमेश छाजटा ने कहा की आरोपी बिल्डर ने न्यायालय से अग्रिम जमानत ले रखी है। पुलिस जांच कर रही है।

Related posts