आवारा सांड ने मार डाला वृद्ध व्यक्ति

कुनिहार (सोलन)। कुनिहार की बढलग पंचायत में खेतों में फसलों की रखवाली कर रहे 70 वर्षीय एक वृद्ध व्यक्ति को आवारा सांड ने मार डाला। गांव मनेशी थड़ी का राम सिंह जब अपने खेतों में बैठा था तो एक सांड वहां आ धमका। व्यक्ति की नजर सांड पर पड़ी तो उसने सोचा की वह कहीं फसल में न पड़ जाए तथा वह उसे हटाने के लिए उसकी ओर बढ़ा। जैसे ही वह सांड के समीप पहुंचा, सांड ने उस पर हमला कर दिया। उसने सींगों के साथ व्यक्ति को बुरी तरह लहू लुहान कर दिया। व्यक्ति के परिवारजनों का कहना है कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ग्राम पंचायत बढलग की प्रधान सुमन ने कहा कि व्यक्ति की मौत आवारा सांड के घायल किए जाने से हुई है। उन्होंने कहा कि कई दिनों से यह सांड क्षेत्र में घूम रहा है। फसलों के साथ यह महिलाओं एवं बच्चों को भी खतरा बन चुका है। पंचायत के माध्यम से प्रशासन से कई बार इस सांड को दूर जंगल में छोड़ने के लिए ज्ञापन दिया जा चुका है। मगर प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।

Related posts