थानाकलां में खंड स्तरीय खेल स्पर्धा शुरू

बंगाणा/थानाकलां (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानाकलां में बुधवार को छात्र-छात्राओं की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसमें पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं मिल्क फेडरेशन के निदेशक रामदास मलांगड़ ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। स्कूल के प्रधानाचार्य जसमेर सिंह ने बताया कि इस खेलकूद स्पर्धा में 35 स्कूलों के लगभग 390 लड़के और लड़कियां हिस्सा ले रहे हैं। स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर मुख्यातिथि एवं दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। शिल्पा और सहेलियों ने स्वागतम है श्रीमान आपका…. गाने से मुख्यातिथि का स्वागत किया। ऋतु और सहेलियों ने गिद्दा एवं बोलियों से खूब वाहवाही लूटी। मलांगड़ ने कहा कि खेलों का विद्यार्थी जीवन में विशेष महत्व है। खेल जहां आपसी सद्भावना को बढ़ावा देते हैं, वहीं प्रतिस्पर्धा के युग में मेहनत कर आगे बढ़ने का जज्बा भी पैदा करते हैं, इसलिए बच्चों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। स्कूल स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयास देश को बेहतर खिलाड़ी प्रदान करते हैं, इसलिए हर स्कूल की भागीदारी ऐसी खेलों में सुनिश्चित होनी चाहिए। खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी स्कूलों के बच्चों ने नियम और उच्च भावना से खेल की शपथ भी ली। इस अवसर पर रामदास मलांगड़ ने 5100 रुपये, रूमेल कु मार ने 2100 रुपये, मेहर चंद सुखिया तथा केवल शर्मा ने पांच-पांच सौ रुपये की राशि खेलों के अच्छे प्रबंध के लिए देने की बात कही। इस मौके पर एसडीएम केएस चौधरी, कर्नल धर्मेंद्र पटियाल, प्रधान उर्मिला ठाकु र थानाकलां, प्रधानाचार्य जसमेर सिंह, संजय सोनी, राम आसरा, पंकज शर्मा, डा. शेर सिंह, इब्राहिम सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts