रक्षा बंधन पर भाइयों ने धुना मनचला

ऊना। रक्षा बंधन के पवित्र पर्व पर एक युवक को युवती से छेड़छाड़ करना महंगा पड़ गया। युवती के भाइयों एवं परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। युवती के भाई ने छेड़छाड़ करने वाले युवक के सिर पर किसी नुक ीली चीज से वार कर उसे बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया, जिसे उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही थाना सदर के एचएचओ केएल बैरी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। उनके हस्तक्षेप के बाद मामले को शांत करवाया जा सका। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। मारपीट का शिकार आरोपी स्थानीय आईटीआई का छात्र बताया जा रहा है, जो कई दिन से युवती को बार-बार फोन करके तंग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय आईटीआई में पढ़ रहा युवक कई दिन से एक युवती को फोन कर परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत उसने अपने भाइयों एवं परिजनों से की। युवती के परिजनों ने कई बार युवक को ऐसा न करने की हिदायत दी, लेकिन उस पर आशिकी का भूत इस कदर चढ़ा हुआ था कि वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लड़की को रोजाना की तरह फोन पर अश्लील एवं गाली गलौच करने लगा। इससे गुस्साए परिजनों ने बुधवार सुबह युवक को एचआरटीसी वर्कशाप के पास घेर लिया और उसकी खूब पिटाई की। मारपीट के दौरान युवक के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को शांत करवाया। इसके बाद पुलिस युवक को गिरफ्तार कर थाने ले गई। उधर, ऊना सदर थाना के एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस मामले के संदर्भ में छानबीन कर रही है।

Related posts