फुलझड़ियों की रोशनी से रंगीन हुआ अंबोआ

दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के डेरा पंडित हरी शाह जी दरबार अंबोआ में गत रात्रि दाता जी का निकाह समारोह का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। इसमें हिमाचल एवं पंजाब के हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गद्दीनशीन बाबा राकेश शाह की अगुवाई में आयोजित किए गए इस निकाह समारोह में मेहंदी रस्म, सेहरा एवं क्लीरे रस्म के बाद अतिशबाजी एवं फुलझड़ियां चलाई गईं। जिससे पूरा माहौल रोशन हो गया। इस मौके पर 1001 मोमबत्तियां जलाई गईं तथा नाचते हुए भक्तों ने निकाह समारोह की खुशियां मनाईं। उसके बाद महफिल-ए-कव्वाली का आयोजन किया गया। इसमें पंजाब की प्रसिद्ध कव्वाल जोड़ी ने खूब रंग बिखेरा। ‘नी मैं कमली, यार दी कमली, यार दीवानी, हरी शाह जी दी दीवानी, विरला दरबार शाह जी दा इत्यादि कव्वालियों पर भक्त खूब झूमे। उधर, गद्दीनशीन बाबा राकेश शाह ने उपस्थित संगत को प्रवचन देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने से समाज में धर्म का प्रसार तथा भक्तिमय माहौल के रंग में रंगने का मौका मिलता है।

Related posts