
आनी (कुल्लू)। खंड की दुर्गम बुच्छैर पंचायत के लिए बनी एक मात्र जाओं-शिगार सड़क खस्ता हालत में है। करीब छह किमी लंबी सड़क पर वाहन चलाना किसी खतरे से खाली नहीं है। आलम यह है कि इस क्षेत्र में सेब लाने के लिए कोई भी ट्रक चालक जाने को तैयार नहीं है। इससे बागवानों को सेब मंडियों तक पहुंचाने की चिंता सता रही है। यहीं नहीं, इस सड़क पर हो चुके कई हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। सड़क की हालत ऐसी है कि इस पर पैदल सफर करना भी खतरे से खाली नहीं है। क्षेत्र के किसान नेता एवं बीडीसी सदस्य गीता राम का कहना है कि इस सड़क की हालत बहुत खराब है। इस सड़क की हालत सुधारने के लिए कई बार लोक निर्माण विभाग से मांग की जा चुकी है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि इन दिनों सेब सीजन जोरों पर है। लेकिन, सड़क की खस्ता हालत को देखते हुए ट्रक चालक भी क्षेत्र में जाने से मना कर रहे हैं। इस सड़क की खस्ताहालत को लेकर पंचायत समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। जिस पर परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी आनी टीसी वर्मा ने भी इस सड़क की खस्ताहाल की वजह से बसों को नुकसान होने की बात कही थी। इसके बारे में लोनिवि विभाग के कनिष्ठ अभियंता अश्वनी शर्मा का कहना है कि सड़क को डोजर से ठीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भारी बरसात हो रही है। इसके चलते सड़क को बहाल करने में परेशानी पेश आ रही है।
