
हमीरपुर। डीएवी हमीरपुर के प्रधानाचार्य पीसी वर्मा को सीबीएसई सम्मानित करेगी। यह सम्मान चार सितंबर को भारतीय अंतर्राष्ट्रीय केंद्र नई दिल्ली में मानव संसाधन विकास मंत्री पल्लम राजू द्वारा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि अवार्ड के लिए पहले जोनल स्तर पर स्कूलों के अध्यापकों का चयन किया जाता है। इसके बाद अव्वल रहे स्कूलों के अध्यापकों को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किया जाता है। इसमें देशभर के करीब 14 अध्यापक शामिल किए जाते हैं। इन्ही अध्यापकों में से हिमाचल प्रदेश से डीएवी स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य पीसी वर्मा भी शामिल हैं। यह हमीरपुर के साथ-साथ प्रदेश के लिए भी गौरव की बात हैं। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस के उपलक्ष पर दिया जाता है। इसमें चयनित सभी शिक्षकों को 25 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल से सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले प्रधानाचार्य पीसी वर्मा हिमाचल केसरी, श्री श्रेष्ठ शिरोमणि, ज्वैल ऑफ इंडिया, राजीव गांधी एक्सीलेंस अवार्ड आदि से सम्मानित हो चुके हैं। प्रधानाचार्य पीसी वर्मा ने अवार्ड के लिए स्कूल स्टाफ और हमीरपुर की जनता को बधाई दी।
