
कुल्लू। घरेलू रसोई गैस की सब्सिडी अब सीधे उपभोक्ताओं के खाते में जाएगी। यह योजना पहली सितंबर से शुरू होने जा रही है। यह जानकारी गैस एजेंसी के डीलरों की बैठक में मंगलवार को एडीएम विनय सिंह ने दी। बैठक में एडीएम विनय सिंह ने बताया कि कुल्लू जिले में एक सितंबर से एलपीजी में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजना शुरू की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एक सितंबर से सभी उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर के पूरे दाम देने होंगे। लिहाजा योजना शुरू होने के बाद घरेलू गैस सिलेंडर के पहले उपभोक्ताओं को पूरे दाम देने होंगे। इसकी सब्सिडी आधारकार्ड नंबर के माध्यम से उपभोक्ता के खाते में जाएगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने आधारकार्ड और बैंक की पास बुक की कॉपी अपनी नजदीकी गैस एजेंसी में जमा करवाएं। आधारकार्ड और बैंक पास बुक की कॉपी गैस एजेंसी में न देने वाले व्यक्ति को सब्सिडी नहीं मिल सकेगी। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों के डीलरों को आधार कार्ड और बैंक पास बुक की प्रति एलडीएम आफिस में जमा करवाने के निर्देश भी दिए। एडीएम विनय सिंह ने सभी गैस एजेंसी डीलरों को गैस डिलीवरी वाहनों में इसका आवश्यक प्रचारप्रसार करवाने के निर्देश भी दिए।
