
अंब (ऊना)। उपमंडल में सोमवार देर शाम पेश आए दो सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामलों के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गगरेट मुबारिकपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम पंजाब के लुधियाना से आया एक श्रद्धालु चलती बस से गिर पड़ा। इसके चलते उसे गंभीर चोटें आईं। श्रद्धालु की पहचान 50 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र मैल सिंह निवासी लुधियाना के रूप में हुई। उसे घायल अवस्था में गगरेट के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसके परिजन उसे लुधियाना ले गए। मामले की पुष्टि करते हुए अंब ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि श्रद्धालु द्वारा मना करने के कारण बस चालक के खिलाफ मुकदमा नहीं किया गया है। वहीं अंब ऊना मार्ग पर देर शाम एक मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक प्रवासी युवक घायल हो गया। उसे 108 की मदद से खंड चिकित्सालय अंब ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए अंब थाना प्रभारी अमरीक सिंह ने बताया कि घायल के बयान पर किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
