पाइका खेलों में मंदली ओवरआल विजेता

थानाकलां (ऊना)। छात्र-छात्राओं की खंड स्तरीय अंडर-16 पाइका खेल प्रतियोगिता में मंदली ओवरआल विजेता बन गया है। मंदली स्कूल के छात्र-छात्राओं ने स्पर्धा में पांच खिताब जीतकर पाइका खेल प्रतियोगिता में दबदबा कायम किया। लड़कों की वालीबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबेहड़ा विजेता एवं क्यारियां हाईस्कूल उपविजेता रहा। लड़कियों में डीएवी लठियाणी ने प्रथम एवं आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा दूसरे स्थान पर रहा। लड़कियों की कबड्डी प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली ने पहला और शिवालिक पब्लिक स्कूल बीहड़ू ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कों में मंदली पहले एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा दूसरे स्थान पर रहे। लड़कों की बास्केटबाल प्रतियोगिता में पाइका मंदली प्रथम एवं पंचायत मंदली दूसरे स्थान पर रहे। लड़कियों में प्रथम स्थान वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली एवं दूसरा स्थान आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा ने हासिल किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली की लड़कियों ने राजकीय उच्च विद्यालय चुल्हड़ी को पराजित करके पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर मंदली के प्रधानाचार्य किशोरी लाल ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यार्थी को भाग लेना चाहिए। खेल भी युवाओं को भविष्य बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। खेलों के माध्यम से इस देश के सैकड़ों युवाओं ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम एवं शोहरत हासिल किया है। इस मौके पर अंबेहड़ा के प्रधानाचार्य रत्न चंद, वरिष्ठ प्रवक्ता पवन कुमार, जागीर सिंह, खेल विभाग के कार्यकारी जिलाधिकारी ईश्वर चौधरी, हैंडबाल कोच कांता पराशर, जूडो कोच कुलदीप शर्मा, वालीबाल कोच सतीश शर्मा, भगवान दास व अशोक कुमार भी उपस्थित रहे।

Related posts