
बड़सर (हमीरपुर)। बड़सर मंडल में भारी बारिश के कारण छह सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। सड़क मार्गों में जगह-जगह ल्हासे गिरे हैं। ऊना-अग्घार-मंडी सुपर हाईवे में बड़सर के गलू में पत्थर गिरने से सड़क मार्ग तीन घंटे बंद रहा। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़कों को आवाजाही के लिए खोल दिया।
बड़सर क्षेत्र में सोमवार सुबह तीन बजे जोरदार बारिश शुरू हो गई तथा लगभग डेढ़ घंटे तेज बारिश होती रही। भारी बारिश से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। ऊना-अग्घार-मंडी सुपर हाईवे में गलू के पास पत्थर गिरने से सड़क मार्ग बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर पत्थरों को हटाया और फिर मार्ग को बहाल किया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क मार्ग पर यातायात सुचारू हो पाया।
इसके अलावा बड़सर से चंबेह-नघयार सड़क में गुग्गा मंदिर के पास चट्टान गिरने से संपर्क मार्ग बंद हो गया। मैहरे से पत्थलयार वाया बिरसवीं संपर्क मार्ग में डंगे व पुलियों के बहने से नुकसान हुआ है। मसलाना से भुटलाड़ संपर्क सड़क मार्ग में पेड़ व ल्हासे गिरने से सड़क बंद हो गई है। बड़सर-गुजरेड़ा संपर्क सड़क जगह-जगह ल्हासे गिरने से अवरुद्ध हो गई है। बड़सर-शाहतलाई सड़क मार्ग पर तीन स्थानों में ल्हासे गिरने से सड़क किनारे नालियां बंद हो गई हैं। इससे नालियों का पानी भी सड़क में जमा हो रहा है। बिझड़ी-भोटा वाया रोपड़ी सड़क मार्ग बंद हो गया है जबकि बिझड़ी-धंगोटा सड़क की हालत काफी खराब है।
भारी बारिश से कई सड़कें बंद हुई थीं लेकिन जेसीबी लगाकर सड़कों को खुलवा दिया गया है।
