ऊना कालेज में जमकर मना जश्न

ऊना। राजकीय पीजी कालेज ऊना में एससीए चुनावों में एनएसयूआई की जीत को लेकर सोमवार को जश्न मनाया गया। इस मौके पर एनएसयूआई के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं डीजे की धुनों पर जमकर थिरके। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में लड्डू बांटकर खुशी जताई। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष करुण शर्मा ने कहा कि इस वर्ष एससीए चुनावों में एनएसयूआई ऊना में ही नहीं, बल्कि प्रदेश में नंबर वन छात्र संगठन बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि ऊना महाविद्यालय में इस बार एनएसयूआई ने चारों सीटों पर अपनी जीत दर्ज करवाई है। इसमें छात्रों ने मतदान करके एनएसयूआई का समर्थन किया है। इसके अलावा जिला भर के तमाम महाविद्यालयों में एनएसयूआई ने जीत का परचम लहराया है। इससे साफ जाहिर होता है कि आज की युवा पीढ़ी एनएसयूआई को भरपूर समर्थन दे रही है। वहीं एनएसयूआई के जिला प्रभारी अभिनव कुमार ने एनएसयूआई की जीत का श्रेय जिले के तमाम शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों को दिया है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई जिलाध्यक्ष करुण शर्मा के नेतृत्व में मजबूत हुई है और इसी के कारण ही जीत दर्ज करवा पाई है। उन्होंने जिले भर के तमाम शैक्षणिक संस्थानोें में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं का एनएसयूआई को मतदान कर जीत दर्ज करवाने को लेकर आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में वरुण पुरी, अर्जुन राणा, अजय, संदीप, रमन, नीरज, विकास राणा, पूजा, नेहा दत्ता, रेखा, श्वेता, प्रियंका, प्रिया, बरयाम, खुशबू व आरजू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts