मनाली-काजा मार्ग 48 घंटे बाद बहाल

केलांग (लाहौल-स्पीति)। सीमा सड़क संगठन ने करीब 48 घंटे बाद मनाली-काजा मार्ग बहाल कर दिया। बारिश और बाढ़ के कारण छतडू तथा ग्रांफू के बीच कई जगहों पर भूस्खलन और मलबे के कारण यह मार्ग 15 अगस्त की रात से अवरुद्ध था। छतडू और कोकसर के बीच कई पर्यटकों समेत विधायक रवि ठाकुर भी इस मार्ग पर एक दिन फंसे रहे। शनिवार को विधायक रवि ठाकुर और उनकी पायलट बेटी ने ग्रांफू से छतडू तक करीब 15 किलोमीटर का रास्ता पैदल तय किया। हालांकि, शनिवार देर शाम बीआरओ ने मनाली-काजा मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया। उपायुक्त लाहौल स्पीति बीर सिंह ठाकुर और एसपी सुनील कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उपायुक्त ने बताया कि बीआरओ ने शनिवार देर शाम इस रूट को बहाल कर दिया है। लिहाजा, इस मार्ग पर फंसे सभी पर्यटकों और वाहनों को निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है कि रोहतांग से सटे इलाकों में रोजाना बारिश होने से मार्ग पर मलबा गिरना जारी है। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल योगेश नायर ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संगठन के जवानों का हौसला बुलंद है।

Related posts