
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की धुंधला पंचायत के ननावीं गांव में कैंची मोड़ पर एक पिकअप ट्राले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क में गिर गए। स्थानीय पूर्व प्रधान ज्योति प्रकाश शर्मा ने तुरंत घायल अवस्था में उन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगाणा पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही जांच के बाद डा. महिंद्र ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार देने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। ऊना अस्पताल पहुंचने से पहले ही दूसरे ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। ऊना पहुंचते ही उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। डा. महिंद्र ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर एएसपी वीरेंद्र ठाकुर बंगाणा अस्पताल पहुंचे। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि धुंधला पंचायत में ननावीं गांव के कैंची मोड़ पर एक पिकअप ट्राले ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। ड्राइवर ट्राले को लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों ने ट्राले का नंबर दर्ज करके पुलिस को बता दिया है। हादसे में मारे गए युवकों की पहचान सतपाल निवासी फगवाड़ा पंजाब तथा पवन कुमार निवासी फगवाड़ा पंजाब के रूप में हुई है। ये दोनों बाबा बालक नाथ से माथा टेककर अपने घर फगवाड़ा लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सूचना पर दोनों मृतकों के परिजन ऊना पहुंचे। ये दोनों युवक कारपेंटर का काम करते थे। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि मृतक सतपाल की आयु 25 वर्ष और पवन कुमार आयु 26 वर्ष थी। ट्राले की तलाश शुरू कर दी गई है। एडिशनल एसपी वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि पिकअप ट्राला चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 337 और 304ए के तहत मामला दर्ज हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
