
फाजिल्का: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा जिलाध्यक्षा मनप्रीत ग्रेवाल के नेतृत्व में गत दिवस केन्द्र सरकार के मंत्रियों द्वारा 5 रुपए में भरपेट खाना खाने के बयान के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मृदुला शर्मा, इन्दु सेतिया, पूर्व जिलाध्यक्षा भावना गांधी, जिला महासचिव अमनदीप ढिल्लो, मंडल अध्यक्षा सरोज गुप्ता, महासचिव मोना कटारिया, वीना नारंग, ममता सचदेवा, प्रवीण शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।
उपस्थिति को संबोधित करते हुए जिला महासचिव अमनदीप ढिल्लो, भावना गांधी, सरोज गुप्ता व मोना कटारिया ने कहा कि केन्द्र सरकार ने गरीबी संबंधी जो आंकड़े पेश किए हैं, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि वह गरीबों का मजाक उड़ाने में लगी हुई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दिल्ली में 5 रुपए व मुम्बई में 12 रुपए में भरपेट खाना मिलता है, जले पर नमक छिड़कने के बराबर है। महंगाई को रोकने में अपनी नाकामी को छिपाने के लिए केन्द्र सरकार अपने उल्टे-सीधे आंकड़े पेश कर रही है।
