यू.टी. कैडर का हो नगर निगम का चीफ इंजीनियर

चंडीगढ़: नगर निगम के मेयर सुभाष चावला सहित सभी राजनीतिक पार्टियों ने एकजुटता दिखाते हुए मांग की है कि निगम में यू.टी. कैडर के अधिकारी को ही निगम के चीफ इंजीनियर का पद दिया जाए। इस संबंध में शुक्रवार को मेयर के नेतृत्व में सभी पार्षदों ने प्रशासक के सलाहकार को ज्ञापन सौंपा।

उधर, नगर निगम कर्मचारियों ने भी यह मांग की है कि निगम में यू.टी. कैडर के अधिकारी को ही निगम के चीफ इंजीनियर का पद सौंपा जाए। निगम में आज तक यू.टी. कैडर से वी.के. भारद्वाज व के.बी. शर्मा मुख्य अभियंता के पद पर रह चुके हैं। ज्ञात रहे कि चंडीगढ़ नगर निगम में तैनात मुख्य अभियंता एस.एस. बिड्डा की चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति की अवधि गत 31 मार्च को समाप्त हो गई थी पर उन्हें अगली तैनाती होने तक रोके रखा गया है।

निगम कर्मी सुप्रीम कोर्ट के उस निर्णय के हवाला दे रहे हैं जिसमें यू.टी. प्रशासन को निर्देश दिए गए थे कि अगर उनके पास योग्य अधिकारी है तो अन्य राज्यों से प्रतिनियिुक्ति पर अधिकारी न लिए जाए। सुप्रीम कोर्ट ने वी.के. भारद्वाज एवं के.बी. शर्मा स्टेट के मामले में यह निर्देश दिए थे।

यू.टी. कैडर के उक्त दोनों अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में संयुक्त याचिका दायर कर मांग की थी जब यू.टी. के पास अपने योग्य अधिकारी मौजूद हैं तो पंजाब अथवा हरियाणा से प्रशासन के मुख्य अभियंता पद पर तैनाती के लिए पड़ोसी राज्यों से पैनल क्यों मांगे जा रहे हैं। इस पर उक्त निर्देश प्रशासन को दिए गए। उसके बाद बी.के. भारद्वाज को चंडीगढ़ प्रशासन में मुख्य अभियंता के पद पर तैनात किया गया था व के.बी. शर्मा को एस.सी. बनाकर निगम भेजा गया व उन्हें वहां मुख्य अभियंता के पद का अतिरिक्त चार्ज दिया गया था।

शहर की रहती है अधिक जानकारी

निगम कर्मियों का कहना है कि यू.टी. कैडर के अधिकारियों को शहर की अधिक जानकारी रहती है। प्रशासन को उक्त पद के लिए हरियाणा से 4 अधिकारियों का पैनल प्राप्त हुआ था। इनमें ए.सी. गुप्ता, मनीपाल सिंह, डी.पी.एस. बेनीवाल तथा ए.के. सिंगला शामिल थे। चंडीगढ़ आवास बोर्ड में 29 फरवरी 2012 से रिक्त पड़े मुख्य अभियंता के पद पर आज हरियाणा के अधिकारी ए.के. सिंगला की तैनाती कर दी गई।

हरियाणा सरकार ने नगर निगम में मुख्य अभियंता पद के लिए जिन 4 अधिकारियों का नाम भेजा था सिंगला का नाम उसमें शामिल था। उक्त चारों अधिकारियों की विजीलैंस रिपोर्ट भी क्लीयर थी। सिंगला इस समय हरियाणा सरकार में जन स्वास्थ्य विभाग में मुख्य अभियंता के पद पर ही तैनात हैं। वह इससे पूर्व चंडीगढ़ प्रशासन को इंजीनियरिंग विभाग में जनस्वास्थ्य इकाई में एस.सी. के पद पर रह चुके हैं।

Related posts