
हमीरपुर। जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मनरेगा, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना, इंदिरा आवास योजना, एकीकृत जलागम विकास इत्यादि कार्यक्रमों के तहत अर्जित उपलब्धियों पर चर्चा की गई।
समिति के अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत अर्जित उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया। योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिशा निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। सांसद निधि के तहत चल रहे कार्यों की भी जानकारी हासिल की। जिला में मनरेगा के तहत 24 करोड़ 87 लाख की राशि व्यय की गई थी। मनरेगा के तहत 83,740 परिवारों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 14571 परिवारों ने रोजगार की मांग की और 10318 परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। 2 लाख 43 हजार श्रम दिवसों का रोजगार जिला के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपलब्ध करवाया गया। निर्मल भारत अभियान के तहत जिला की सभी 229 पंचायतों को खुला शौच मुक्त कर दिया गया है। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने कहा कि हमीरपुर जिला में कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं के कार्यान्वयन में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। विधायक विजय अगिभनहोत्री, जिला परिषद अध्यक्ष सरला शर्मा, उपनिदेशक डीआरडीए राकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
